वणी टाईम्स न्यूज : नांदेपेरा रोड स्थित स्वर्णलीला स्कूल में शिक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 5 एवं 6 जून 2026 को आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के लगभग 60 शिक्षकों ने सहभाग लिया।
कार्यशाला का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या अन्नपूर्णा पवन, उपप्राचार्य विक्की मोहनानी तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शक संध्या सुब्रमण्यम और जागृति गंडेचा के हाथों किया गया। यह कार्यशाला केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के मार्गदर्शन में आयोजित की गई थी।
कार्यशाला का मुख्य विषय “मूल्यांकन एवं परीक्षा प्रणाली को सशक्त बनाना” था। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का केवल अंतिम परीक्षा के आधार पर मूल्यांकन करने के बजाय पूरे शैक्षणिक वर्ष में निरंतर एवं समग्र मूल्यांकन करने की आवश्यकता पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
विशेषज्ञों ने मूल्यांकन प्रक्रिया में होने वाली त्रुटियों को दूर कर उसे अधिक सटीक, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण एवं प्रशिक्षण पद्धतियों में आवश्यक सुधार करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला का समापन 6 जून को हुआ। समापन अवसर पर सभी सहभागी शिक्षक, प्राचार्य, उपप्राचार्य तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शकों का सामूहिक छायाचित्र भी लिया गया।
कार्यशाला की सफलता के लिए संस्था के चेयरमैन डॉ. नरेंद्र रेड्डी, प्राचार्य, उपप्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने विशेष परिश्रम किया। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।











