वाणी टाइम्स न्यूज : देश की वीरता और बलिदान की गौरवगाथा को समर्पित कारगिल विजय दिवस का आयोजन शुक्रवार को मार्कंडेय पोदार लर्न स्कूल, वणी में अत्यंत श्रद्धा व जोश के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा पाँचवीं की छात्रा तृषा पाटिल के प्रेरणादायी भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने कारगिल युद्ध के शूरवीरों की वीरता, साहस और बलिदान को प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया। इसके पश्चात कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों द्वारा एक हृदयस्पर्शी नाटक मंचित किया गया, जिसमें देश के लिए मर मिटने वाले जवानों की कहानी को जीवंत रूप में दर्शाया गया।
विद्यालय के अध्यक्ष रमेश सुंकुरवार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव राहुल सुंकुरवार व प्रधानाचार्य भूषण अलोणे उपस्थित रहे। समापन भाषण में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, अनुशासन, ईमानदारी व एकता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा आठवीं के छात्र यद्रेश नागपुरे ने किया। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों व अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।











