वणी टाईम्स न्यूज : स्थानीय नगर परिषद चुनाव के मद्देनज़र शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के लिए उत्साहजनक माहौल बनता दिखाई दे रहा है। भाजपा के पूर्व विधायक संजीवरेड्डी बोदकुरवार ने शुक्रवार को शहर के 8 नंबर प्रभाग का डोर टू डोर दौरा कर पार्टी प्रत्याशी प्रेमिला मनोज चौधरी व कुणाल संजय सोमशेट्टीवार के समर्थन में मतदाताओं से वोट देने की अपील की।

दौरे के दौरान पूर्व विधायक ने नागरिकों को स्थानीय विकास कार्यों, भाजपा सरकार की योजनाओं तथा शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। इस समय बड़ी संख्या में प्रभाग के महिला व पुरुष मतदाता उपस्थित रहे और भाजपा के चुनाव प्रचार को उल्लेखनीय समर्थन दिया। प्रचार दौरे में पूर्व विधायक के साथ ही पूर्व नगराध्यक्ष तारेंद्र बोर्डे, भाजपा के शहर अध्यक्ष एड. निलेश चौधरी, भाजपा जैन प्रकोष्ठ सेल के अध्यक्ष शुभम छाजेड़, शहर उपाध्यक्ष सत्यजीत ठाकुरवार व बीजेपी के कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रचार के दौरान शहर की सड़क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और शहरी विकास जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। पूर्व विधायक ने नगर परिषद पर भाजपा की सत्ता के दौरान किए गए विकास कामों के साथ ही नागरिकों को भरोसा दिलाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि चुने जाने पर शहर में पारदर्शी कामकाज और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

नागरिकों की ओर से भी भाजपा की जनसंपर्क पहल का स्वागत करते हुए प्रत्याशियों के समर्थन में मजबूती से आगे आने का संकेत दिया गया। कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर भाजपा के पक्ष में सकारात्मक वातावरण निर्मित किया।चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहा है, शहर में भाजपा के प्रति बढ़ता जनसमर्थन स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ देता दिख रहा है।










