वणी टाईम्स न्यूज : केदारनाथ हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत वणी के राजा जयस्वाल, श्रद्धा जयस्वाल व उनकी ढाई साल की बेटी का बुधवार सुबह 11 बजे स्थानीय मोक्षधाम में अत्यंत गमगीन वातावरण में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक राजकुमार जयस्वाल के बड़े पुत्र आरव राजकुमार जयस्वाल ने अपने मातापिता की चिता को मुखाग्नि दी। वहीं दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाली ढाई साल की काशी राजकुमार जयस्वाल के पार्थिव शरीर को दफन किया गया। अंतिम संस्कार के मौके पर परिजनों के अलावा सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक संजय देरकर, पूर्व विधायक संजीवरेड्डी बोदकुरवार सहित शहर के प्रतिष्ठित नागरिक, व्यापारी व हजारों नागरिक उपस्थित थे।

इससे पूर्व सुबह 7 बजकर 45 मिनिट पर तीनों के पार्थिव शरीर एम्बुलेंस में नागपुर से नांदेपेरा रोड स्थित आवास पर लाए गए। जहां पर अंतिम दर्शन व अन्य धार्मिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद फूलों से सजे ट्रैक्टर पर शवयात्रा मोक्षधाम पहुंची। अंतिम संस्कार के पश्चात सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक संजय देरकर सहित अन्य लोगों ने जयस्वाल दम्पत्ति को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार का वीडियो :
चमत्कारिक रुप से बचे महाजन दंपत्ति
केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए जयस्वाल दंपत्ति के साथ गए भद्रावती के प्रवीण महाजन व उनकी पत्नी पूजा महाजन इस दुर्घटना से चमत्कारिक रुप से बच गए। राजा जयस्वाल के साढू प्रवीण महाजन ने बताया कि जो हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ उसमें दूसरे 5 तीर्थयात्री जाने वाले थे। लेकिन पायलट के साथ उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और वो पांचों लोग हेलीकॉप्टर की बजाए घोड़ों पर गुप्तकाशी के लिए निकल गए। वो लोग जाने के बाद जयस्वाल व महाजन दम्पत्ति उस हेलिकॉप्टर में बैठे।
लेकिन उसी समय उत्तरप्रदेश की एक महिला तीर्थयात्री व उनकी 19 वर्षीय बेटी ने उनसे विनती की कि, गुप्तकाशी में रुके उनके पति की तबियत खराब हो गई है। अत: उन्हें पहले जाने दिया जाए। महिला द्वारा बार बार विनती किए जाने के चलते महाजन दम्पत्ति ने अपनी जगह उनको हेलीकॉप्टर में बैठने दिया। अब इसे चमत्कार कहे या दुर्भाग्य की महाजन दम्पत्ति की जान बच गई, लेकिन वो दोनों मां बेटी इस दुर्घटना में चल बसी।










