वणी टाईम्स न्यूज : दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की अपने घरवालों को सोता छोड़ आधी रात को घर से गायब हो गई। पास पड़ोस, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सब जगह तलाश करने पर भी जब लड़की नहीं मिली, तो लड़की की मां ने स्थानीय पुलिस थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार 2 नवंबर की रात लगभग साढ़े नौ बजे परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए। रात करीब एक बजे जब मां की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि उनकी बेटी कमरे में नहीं है। उन्होंने तुरंत नीचे जाकर अपनी सास से पूछा, लेकिन उन्होंने भी लड़की को न देखने की बात कही। जिसके बाद परिजनों ने सुबह तक पूरा मोहल्ला, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन छान मारा। मगर लड़की का कोई सुराग नही मिला।
शिकायतकर्ता मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी इससे पहले कभी बिना बताए घर से बाहर नहीं गई थी। उन्हें संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला -फुसलाकर घर से बाहर बुलाया और अपहरण कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 137(2)के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










