वणी टाईम्स न्यूज : बार में शराब पीने के बाद बिल देने की बजाए बार मालिक से ही हफ्ता मांगने की सनसनीखेज घटना सामने आईं है। बार प्रबंधक की शिकायत पर वणी पुलिस थाने में एक राजनीतिक दल के स्थानीय पदाधिकारी के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया है। मोबीन शेख (25) निवासी एकता नगर वणी आरोपी का नाम बताया जाता है।

शिकायतकर्ता वेदा बार एंड रेस्टोरेंट, पाटाला पुलिया के पास वरोरा रोड वणी के मैनेजर शंकर चंद्रिका साह ने पुलिस थाने में शिकायत दी कि, 18 जनवरी को रात 10 बजे के आसपास मोबीन शेख शराब पीने के लिए बार में आया। शराब पीने के बाद जब मैनेजर ने उससे बिल चुकाने को कहा गया, तो वह आग-बबूला हो गया ।मैनेजर के साथ अभद्र भाषा, गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी।
आरोपी ने खुद को प्रहार जनशक्ति दल का तालुका अध्यक्ष बताकर बार मैनेजर से उसे हर महीने 25 हजार रुपए देने की मांग की। हफ्ता नहीं देने पर बार बंद करने की धमकी भी आरोपी मोबीन शेख ने मैनेजर को दी। घटना के तुरंत बाद मैनेजर शंकर साह ने बार के मालिक अभिजीत सातोकर को फोन पर पूरी जानकारी दी। इसके बाद मालिक के निर्देश पर मैनेजर ने वणी पुलिस स्टेशन पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने 19 जनवरी की रात 2:11 बजे आरोपी मोबीन शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(2), 351(3) और 352 के तहत गंभीर अपराध दर्ज किया है। वणी पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि रंगदारी, धमकी और राजनीतिक नाम पर दबाव बनाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है और आगे और कड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।










