वणी टाईम्स न्यूज : शहर के जन्नत होटल के पास शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 साल की मासूम बालिका इनाया शारीक शेख का भी आखिरकार इंतकाल हो गया। इनाया की मृत्यु के साथ ही दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। नागपुर के एम्स हॉस्पिटल में उपचार के दौरान ही शुक्रवार की रात ही इनाया ने आखिरी सांस ली।

बता दें कि, शुक्रवार 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शहर के बाहरी इलाके में हुई स्कोडा कार व ट्रक की टक्कर में गैरेज मालिक रियाजुद्दीन शेख व उनकी 3 लड़कियों की मौत हो गई थी। जबकि उनके छोटे भाई की 5 साल की बेटी इनाया शेख गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इनाया को नागपुर के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां शुक्रवार की रात ही इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इनाया का शव आज शाम तक वणी लाया जाएगा। ईशा की नमाज के बाद स्थानीय कब्रिस्तान में इनाया का शव दफनाया जाएगा।
हादसे में जान गंवाने वाले शेख परिवार के मुखिया रियाजुद्दीन शेख, उनकी तीनों बेटियां मायरा, जोया व अनिबा के मृतदेहों को रात 10 बजे स्थानीय मुस्लिम कब्रिस्तान में नम आंखों से सुपुर्द ए खाक किया गया। इस समय वणी के थानेदार पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर व हजारों की संख्या में समाज बंधु सलात उल जनाजा में उपस्थित थे।










