वणी टाईम्स न्यूज : वणी यवतमाल मार्ग पर लालपुलिया परिसर में एक चलती कार में आग लगने की घटना सामने आई है। शनिवार रात 10 बजे के लगभग चिखलगांव के रामनगर के पास घटी आगजनी की इस घटना में कार जलकर खाक हो गई । सुयोग से किसी तरह की जनहानि इस घटना में नहीं हुई। कार में आग लगने की जानकारी मिलते ही वणी नगर परिषद की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के दामले नगर निवासी शाम दुर्गे की फिएट लीनिया कार क्रमांक MH01 AL 5833 लेकर चालक विलास बिम्मलवार लालपुलिया से शहर की तरफ आ रहा था। अचानक चालक को गाड़ी के बोनट में से धुंआ निकलते हुए दिखाई दिया। खतरे को भांप कर चालक ने कार को तुरंत रोड साइड में लगाकर कार से निकल गया। थोड़ी ही देर में कार से आग की लपटे उठने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आगजनी की घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया। लगभग 15 मिनट बाद ही घटनास्थल पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछारें मार कर आग बुझाई। लेकिन तब तक लगभग कार का आधा हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। वायरिंग में शॉर्ट सर्किट या इंजिन गर्म होने की वजह से कार में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।










