जितेंद्र कोठारी, वणी : साल 2024 का आखिरी दिन वणी तहसील के घोंसा निवासी नागपुरे परिवार के लिए काल बन कर आया। चंद्रपुर जिले के भद्रावती में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 2 साल की मासूम बालिका सहित उसके दादा दादी की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार रात 9 बजे के लगभग नागपुर चंद्रपुर मार्ग पर घटे इस भीषण हादसे में मृतकों के नाम सतीश भाउराव नागपुरे (51), मंजूषा सतीश नागपुरे (46) व नायरा राहुल नागपुरे (02) बताए जाते है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घोंसा निवासी सतीश नागपुरे अपनी पत्नी व 2 साल की पौत्री के साथ मंगलवार को मोटरसाइकिल से भद्रावती गए। भद्रावती में अपने साढू के ढाबे पर रात में खाना खाकर तीनो वापस मोटरसाइकिल पर घर जाने के लिए निकले। इसी दरम्यान चंद्रपुर नागपुर महामार्ग पर एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में सतीश नागपुरे व मंजूषा नागपुरे की घटनास्थल ही मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल 2 साल की मासूम बालिका की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। भद्रावती पुलिस स्टेशन अंतर्गत हुए इस हादसे में मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद बुधवार को गमगीन माहौल में घोंसा गांव ने तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार के 3 लोगों की हादसे में मौत से से गांव में शोक का वातावरण पैदा हो गया है।










